चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करे सरकार : काजी निजामुद्दीन
देहरादून, 30 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस विधायक काजी निजामुद्दीन ने बुधवार को चुनावी प्रक्रियाओं और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने सरकार से चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की मांग की।
कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में मंगलौर विधायक ने कहा कि लोकतंत्र में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव जनता के विश्वास की बुनियाद हैं। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण के दौरान कई विसंगतियों की शिकायतें सामने आ रही हैं और पात्र मतदाताओं के नाम लक्षित तरीके से हटाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
काजी निजामुद्दीन ने कहा कि कांग्रेस को एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर चिंता है। उन्होंने कहा कि अंतिम मतदाता सूची जारी होने से पहले यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम न हटे और प्रत्येक मतदाता के अधिकार की सुरक्षा हो। निर्वाचन आयोग की निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार उत्तराखंड के लिए एसआईआर की प्रक्रिया में दावे-आपत्तियों और उनके निस्तारण के बाद अंतिम सूची प्रकाशित की जानी है।
उन्होंने ग्राम पंचायत से लेकर नगर निकाय, सहकारिता और छात्रसंघ चुनावों का उल्लेख करते हुए चुनावी प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए। उन्होंने हरिद्वार के ग्राम नाथूनखेड़ी में ग्राम प्रधान पद के चुनाव में आठ बार मतगणना होने और अंतिम गणना में परिणाम बदलने का दावा किया। इसी तरह मंगलौर नगर पालिका से जुड़े एक मामले में नामांकन निरस्त किए जाने पर उन्होंने प्रक्रिया और सुनवाई को लेकर सवाल उठाए।
निजामुद्दीन ने सहकारिता चुनाव में परिसीमन में बदलाव और डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून के छात्रसंघ चुनाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान कांग्रेस से जुड़े छात्र नेता विनीत भट्ट की गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई ने चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि वे संबंधित मुकदमे का समर्थन नहीं कर रहे हैं, बल्कि गिरफ्तारी के समय को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि चुनाव में मतदाता को अपनी पसंद के प्रत्याशी को चुनने का अधिकार है और इस अधिकार में किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

