home page

दलित युवक की हत्या पर कांग्रेस का प्रदर्शन

 | 
दलित युवक की हत्या पर कांग्रेस का प्रदर्शन


हरिद्वार, 12 जून (हि.स.)। टिहरी गढ़वाल में दलित युवक केतनलाल की कथित निर्मम हत्या और उसके साथी के घायल होने की घटना को लेकर कांग्रेस अनुसूचित विभाग के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस अनुसूचित विभाग के जिलाध्यक्ष तीरथपाल रवि ने किया। बाद में कार्यकर्ताओं ने नायब तहसीलदार प्रताप सिंह के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि टिहरी गढ़वाल के एक गांव में दलित युवक की हत्या से पूरे दलित समाज में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह और अनुसूचित विभाग के जिलाध्यक्ष तीरथपाल रवि ने मांग की कि मृतक युवक के परिजनों को 50 लाख रुपये तथा घायल युवक के परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए।

कांग्रेस नेताओं महेश प्रताप सिंह राणा और वीरेंद्र श्रमिक ने कहा कि दलित समाज के उत्पीड़न को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें कड़ी सजा दिलाने की मांग की।

मनोज धनगर और तेलूराम प्रधान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं सरकार की विफलता को दर्शाती हैं।

प्रदर्शन में सोम त्यागी, राजीव चौधरी, वेदपाल सिंह तेजियांन, एल.एस. रावत, सुभाष कुमार, शेखर पंवार, अजय दास, रविश भटीजा, मनोज जाटव, संजय सैनी, पुनीत कुमार, अमित नौटियाल, संदीप कुमार, पूरनचंद, यशपाल दुबे, प्रवीण धनगर, प्रियव्रत, मोहन राणा, डॉ. मेहरबान, जितेंद्र चौधरी, राजेश छाछर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला