home page

नीट पेपर लीक और पेट्रोल-डीजल कीमतों को लेकर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन

 | 
नीट पेपर लीक और पेट्रोल-डीजल कीमतों को लेकर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन


हरिद्वार, 15 मई (हि.स.)। भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने देवपुरा चौक पर नीट पेपर लीक और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व महानगर अध्यक्ष अंकुर सैनी और जिला उपाध्यक्ष ग्रामीण गौरव चौहान ने किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी की बर्खास्तगी की मांग उठाई। कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा, ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर और सोम त्यागी ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक प्रकरण में छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। नेताओं ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार बढ़ा है और शिक्षा माफिया को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष रवीश भटीजा और विकास चंद्रा ने मामले की जांच के लिए जेपीसी गठन और सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में समयबद्ध जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में भी पेपर लीक के आरोप सामने आए थे, लेकिन जांच का परिणाम सार्वजनिक नहीं हुआ।

युवा कांग्रेस नेताओं ने यह भी मांग रखी कि नीट परीक्षा में शामिल छात्रों को केंद्र सरकार 10-10 हजार रुपये की सहायता दे। साथ ही एनटीए को समाप्त कर किसी अन्य केंद्रीय सरकारी एजेंसी से परीक्षा कराने की मांग भी उठाई गई।

प्रदर्शन में कांग्रेस और युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें समीर अंसारी, विशाल प्रधान, राहुल चौधरी, दीपक कोरी, राजेंद्र श्रीवास्तव, अक्षय सैनी, सुषमा सहगल, अनंत पांडेय, जावेद आलम, शिवम बाल्मीकि और अन्य शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला