राम मंदिर चंदा मामला और ऑपरेशन सिंदूर पर कांग्रेस का हमला
हरिद्वार, 27 जून (हि.स.)। कांग्रेस ने राम मंदिर चंदा चोरी प्रकरण और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोला है। हरिद्वार में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए भारतीय जवानों की वास्तविक जानकारी देश से छिपाई, वहीं राम मंदिर चंदा चोरी मामले में मुख्य आरोपितों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
आलोक शर्मा ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि सनातन के नाम पर सत्ता में आई भाजपा सरकार सनातनी नहीं, बल्कि धनातनी सरकार बन गई है। इनके लिए धन इकट्ठा करना ही सबसे बड़ा धर्म बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने मंदिरों को भी भ्रष्टाचार और लूट का अड्डा बना दिया है। विभिन्न राज्यों में हुए कथित घोटालों की जांच के लिए गठित एसआईटी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एसआईटी गठित करने का दिखावा करती है, लेकिन आज तक किसी भी महत्वपूर्ण मामले की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई।
उत्तराखंड का उदाहरण देते हुए आलोक शर्मा ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में गठित एसआईटी भी अब तक किसी ठोस निष्कर्ष तक नहीं पहुंची है। उन्होंने सवाल किया कि न्याय और जांच के नाम पर आखिर कब तक जनता को गुमराह किया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने दावा किया कि उन्हें नेशनल वॉर मेमोरियल में शहीदों के नाम प्रदर्शित होने के बाद पता चला कि इस अभियान में छह भारतीय जवान शहीद हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में रक्षा मंत्री द्वारा यह कहा गया था कि इस अभियान में कोई जवान शहीद नहीं हुआ, जबकि वास्तविकता बाद में सामने आई। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, वरिष्ठ नेता मनोज सैनी, बीएस तेजियान, शिवालिक नगर अध्यक्ष मोहन राणा, विकास चंद्रा, कैलाश प्रधान तथा उदित विद्याकुल सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

