भाजपा की समरसता यात्रा मंगलवार को उत्तराखंड पहुंचेगी, धनौरी में अनुराग ठाकुर और मुख्यमंत्री धामी करेंगे जनसभा को संबोधित
देहरादून, 23 नवंबर (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही अखिल भारतीय समरसता यात्रा 24 नवंबर मंगलवार को उत्तराखंड पहुंचेगी। विकासनगर के कुल्हाल गेट पर यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद यात्रा देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार होते हुए रुड़की के धनौरी पहुंचेगी, जहां विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी।
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों को बताया कि यात्रा का उद्देश्य संत रविदास के समानता, सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा के स्वागत के लिए प्रदेशभर में तैयारियां की गई हैं।
उन्होंने बताया कि यात्रा हरबर्टपुर, सहसपुर, सेलाकुई, झाझरा, प्रेमनगर, देहरादून, माजरी ग्रांट, हर्रावाला, नेपाली फार्म, ऋषिकेश और हरिद्वार होते हुए धनौरी पहुंचेगी। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया जाएगा।
धनौरी में आयोजित जनसभा में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
घुनियाल ने प्रदेशवासियों से यात्रा का स्वागत करने और संत रविदास के सामाजिक समरसता एवं मानव कल्याण के संदेश को आत्मसात करने की अपील की।
प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया सह-संयोजक कुलदीप रावत, समरसता यात्रा के प्रदेश सह-संयोजक सीताराम भट्ट, मोर्चा कार्यालय प्रभारी दयाराम और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमित मोहन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

