युवा आयोग युवाओं के सर्वांगीण विकास का मंच, कांग्रेस राजनीति से बाज आए : मनवीर चौहान
देहरादून, 18 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्तराखंड प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने प्रदेश में युवा आयोग के गठन की घोषणा को युवाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वह युवाओं के मुद्दे पर राजनीति न करे।
मनवीर चौहान ने कहा कि युवा आयोग युवाओं की शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और स्वरोजगार से जुड़ी समस्याओं एवं सुझावों को सरकार तक पहुंचाने का स्थायी मंच होगा। उन्होंने कहा कि आयोग युवाओं की प्रतिभा और क्षमता को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार का मानना है कि पहाड़ों से पलायन का समाधान स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करके किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में तीन नए औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। इन क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के अवसरों में प्राथमिकता देने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ के तहत सरकारी स्कूलों की 11वीं और 12वीं कक्षा के 10 हजार मेधावी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए सात करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों से प्रशिक्षण तथा नया उद्यम शुरू करने के लिए बैंक ऋण पर 30 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।
भाजपा नेता ने दावा किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में करीब 50 हजार सरकारी नौकरियां दी गई हैं और बड़ी संख्या में युवा तथा अन्य लोग स्वरोजगार योजनाओं से लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने नकल विरोधी कानून बनाया तथा भर्ती घोटालों की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की।
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए चौहान ने कहा कि संवेदनशील घटना को राजनीतिक आरोपों का माध्यम बनाना अवसरवादी राजनीति है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भावनात्मक बयानबाजी के बजाय यह बताना चाहिए कि मामले में अब तक हुई कानूनी और न्यायिक कार्रवाई के बाद वह नया क्या करना चाहती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी शुरुआत से ही अंकिता भंडारी के परिवार के साथ खड़े रहे और परिवार की मांग को गंभीरता से लिया। चौहान के अनुसार, परिवार द्वारा सीबीआई जांच की मांग किए जाने पर राज्य सरकार ने इसकी सिफारिश की थी। उन्होंने कहा कि युवाओं के मुद्दे और अंकिता प्रकरण पर कांग्रेस की राजनीति से उसे कोई लाभ नहीं मिलेगा। आरोप और दुष्प्रचार के जरिए सत्ता हासिल करने का उसका प्रयास सफल नहीं होगा।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

