home page

प्रधानमंत्री के 12 वर्ष: विकसित भारत के संकल्प को मिली नई गति : महाराज

 | 
प्रधानमंत्री के 12 वर्ष: विकसित भारत के संकल्प को मिली नई गति : महाराज


हरिद्वार, 15 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र में लगातार 12 वर्ष मिले नेतृत्व में सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होता दिखाई दे रहा है। उनके मार्गदर्शन में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। यह बात केबिनेट मंत्री व जनपद प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने सोमवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कही।

महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चार करोड़ से अधिक पक्के घरों का निर्माण, 81 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन, 60 करोड़ नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा तथा मुद्रा योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत देश के 16 करोड़ से अधिक घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है।

वर्ष 2014 तक देश के केवल पांच शहर मेट्रो नेटवर्क से जुड़े थे, जबकि आज यह संख्या बढ़कर 26 हो चुकी है। डिजिटल इंडिया अभियान के कारण भारत दुनिया के कुल डिजिटल लेन-देन का लगभग 56 प्रतिशत हिस्सा संभाल रहा है। रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष विज्ञान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे क्षेत्रों में भारत नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड भी विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है। राज्य में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना जैसे महत्वपूर्ण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। जॉलीग्रांट, पंतनगर और पिथौरागढ़ हवाई अड्डों का विकास किया गया है। उड़ान योजना के तहत हेलीपैड की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के पुनर्विकास के साथ-साथ सोनप्रयाग-केदारनाथ एवं गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाएं प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेंगी। जमरानी, सौंग और लखवाड़ जैसी बहुउद्देशीय परियोजनाएं भी तेजी से प्रगति पर हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हरिद्वार जनपद में भी विकास कार्यों को गति मिली है। समान नागरिक संहिता के प्रभावी क्रियान्वयन और पंजीकरण में हरिद्वार प्रदेश में अग्रणी रहा है। नीति आयोग द्वारा जनपद को आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत सम्मानित किया गया है।

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत बड़ी संख्या में नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिए विभिन्न घाटों, पुलों, संपर्क मार्गों और आधारभूत संरचनाओं के निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। प्रेस वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, लव शर्मा आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला