home page

विश्व क्षय रोग दिवस पर टीबी मुक्त ग्राम पंचायत सम्मान समारोह, 100 दिवसीय अभियान का शुभारंभ

 | 
विश्व क्षय रोग दिवस पर टीबी मुक्त ग्राम पंचायत सम्मान समारोह, 100 दिवसीय अभियान का शुभारंभ


हरिद्वार, 24 मार्च (हि.स.)। विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय रोशनाबाद में टीबी मुक्त ग्राम पंचायत, ग्राम प्रधान सम्मान समारोह एवं 100 दिवसीय विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य जनपद को टीबी मुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना और ग्राम स्तर तक प्रभावी कार्ययोजना को लागू करना है। इस दौरान टीबी उन्मूलन अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों, वॉलेंटियर्स, आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

मदन कौशिक ने कहा कि टीबी हटेगा, देश जीतेगा केवल नारा नहीं बल्कि एक संकल्प है, जिसे सरकार और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही पूरा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों, वॉलेंटियर्स और स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रिय भागीदारी से टीबी के खिलाफ लड़ाई मजबूत हो रही है। उन्होंने जनपद की 37 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना की।

मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने कहा कि जनपद में टीबी उन्मूलन के लिए ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक रणनीति लागू की जा रही है। उन्होंने सभी विभागों और जनप्रतिनिधियों से 100 दिवसीय अभियान को मिशन मोड में चलाने की अपील की।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि जनपद में टीबी मरीजों की सक्रिय खोज, निशुल्क जांच और उपचार की सुविधा लगातार उपलब्ध कराई जा रही है। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 37 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया, जिनमें से 10 ग्राम प्रधानों को सिल्वर ट्रॉफी और 27 ग्राम प्रधानों को कांस्य ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सुल्तानपुर सबतवाली के ग्राम प्रधान श्रवण कुमार ने भी क्षय उन्मूलन के विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, एसीएमओ रमेश कुंवर, शादाब सिद्दीकी, स्वास्थ्य अधिकारी बहादराबाद आरती बहल, स्वास्थ्य अधिकारी भगवानपुर अनुज सिद्दीकी सहित जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आशा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में वॉलेंटियर्स उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला