home page

कांग्रेस की न्याय यात्रा पर बंशीधर भगत का हमला, बोले- पहले अपनी राजनीतिक असफलताओं का हिसाब दे पार्टी

 | 

देहरादून, 24 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने कांग्रेस की न्याय यात्रा को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को न्याय यात्रा निकालने से पहले अपनी राजनीतिक असफलताओं का हिसाब देना चाहिए।

बंशीधर भगत ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि कांग्रेस की न्याय यात्रा जनता के बीच प्रभाव नहीं छोड़ पाएगी। उन्होंने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 11 सीटों पर सिमट गई थी। आगामी विधानसभा चुनाव में भी जनता कांग्रेस को जवाब देगी।

अंकिता भंडारी प्रकरण पर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने मामले में त्वरित कार्रवाई की और उसी समय विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया और न्यायालय में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की। उन्होंने दुष्यंत गौतम की सिक्किम के राज्यपाल के रूप में नियुक्ति पर कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों को भी निराधार बताया।

भगत ने दावा किया कि धामी सरकार के सुशासन, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) जैसे फैसलों से कांग्रेस का जनाधार कमजोर हुआ है।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय