कांग्रेस सनातन आस्था और राजनीतिक मर्यादा का अपमान कर रही : नरेश बंसल
देहरादून, 05 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने सोमवार को कांग्रेस पर सनातन आस्थाओं, राष्ट्रीय गौरव एवं दिवंगत परिजनों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सनातन आस्था और राजनीतिक मर्यादा का अपमान कर रही है। भाजपा नेता ने कहा कि दिवंगत परिजनों या व्यक्तिगत विषयों को राजनीतिक विवाद का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए।
बलवीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में बंसल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दिवंगत माता, राष्ट्रीय सलाहकार अजीत डोभाल, पूर्व सीडीएस जनरल बिपिन रावत और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिवंगत पिता के श्राद्ध एवं तर्पण को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। उन्होंने कहा कि श्राद्ध सनातन परंपरा में दिवंगत पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, स्मरण और तर्पण का पवित्र संस्कार है। इसे राजनीतिक विवाद का विषय बनाना उचित नहीं है।
नरेश बंसल ने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा को लेकर कांग्रेस पर कथित तौर पर गलत नैरेटिव फैलाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद को ‘मोहब्बत की दुकान’ की राजनीति का पक्षधर बताती है, लेकिन उसके नेताओं की ओर से की जाने वाली टिप्पणियां इसके विपरीत तस्वीर पेश करती हैं।
उन्होंने मोहम्मद दीपक से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कथित मारपीट और धमकी के मामले में गिरफ्तारी के बावजूद कांग्रेस ने इस विषय पर चुप्पी साध रखी है। बंसल ने राहुल गांधी के साथ मोहम्मद दीपक की पूर्व मुलाकात का हवाला देते हुए सवाल किया कि क्या राजनीतिक संपर्क के आधार पर अलग-अलग मापदंड अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को कथित पीड़ित व्यापारी से मिलकर उसका पक्ष भी जानना चाहिए था।
भाजपा नेता ने कहा कि देश और प्रदेश की सेवा करने वाले सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान को राजनीतिक विवाद से अलग रखा जाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर उत्तराखंड के वीर सैनिकों को लेकर भी कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया। कैप्टन स्मित मच्छार के शौर्य का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश की सेवा और लोगों की जान बचाने वाले सैनिकों के सम्मान में सभी राजनीतिक दलों को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति सेवा, सुशासन, विकास, महिला सशक्तीकरण और युवाओं को अवसर देने पर केंद्रित है। आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप के बजाय सरकार के कामकाज और विकास के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक संघर्ष मुद्दों और नीतियों पर होना चाहिए, व्यक्तिगत हमलों पर नहीं।
राज्यसभा उम्मीदवार दिनेश आर्य को बनाए जाने पर बंसल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को अवसर और सम्मान देने के लिए जानी जाती है और उम्मीदवार चयन का निर्णय पार्टी स्तर पर लिया गया है और ये निर्णय स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव किसी तात्कालिक लाभ को ध्यान में रखकर नहीं लड़ती, बल्कि संगठन और पिछले वर्षों में किए गए विकास कार्यों के आधार पर जनता के बीच जाती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ से लेकर पन्ना स्तर तक है और कार्यकर्ता वर्षभर जनता के बीच रहते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी पिछले दस वर्षों में किए गए विकास कार्यों को लेकर आगामी चुनाव में जनता के बीच जाएगी। अपने राज्यसभा कार्यकाल के बारे में पूछे जाने पर कहा कि छह वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने प्रदेश की समस्याओं और राष्ट्रीय विषयों को संसद में उठाया। रेल, सड़क, हवाई सेवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को भी संसद में रखने की बात उन्होंने कही।
इस मौके पर प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, सह प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक, डॉ स्वराज विद्वान उपस्थित रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

