home page

मसूरी में महिला की संदिग्ध मौत की पुलिस की कर रही जांच

 | 
मसूरी में महिला की संदिग्ध मौत की पुलिस की कर रही जांच


मसूरी, 16 जून (हि.स.)। मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित एक होम स्टे में ठहरी 27 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर बिसरा सुरक्षित रख लिया है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 15 जून की सुबह 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि टिपरीधार स्थित एक होम स्टे के कमरे में एक महिला अचेत अवस्था में पड़ी है। सूचना पर कोतवाली मसूरी पुलिस और 108 एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच के बाद एम्बुलेंस कर्मियों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान पी. राधा गायत्री (27) के रूप में हुई है। वह अपने पति सौम्या श्रीचरण के साथ दिल्ली से उत्तराखंड घूमने आई थी। दंपति 13 जून को दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचे थे और 14 जून की रात मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित होम स्टे में ठहरे थे। पुलिस को दिए बयान में पति ने बताया कि दोनों ने रात में शराब का सेवन किया था और तड़के करीब साढ़े तीन बजे सो गए थे। सुबह उठने पर उन्होंने अपनी पत्नी को अचेत अवस्था में पाया। पुलिस के अनुसार महिला की नाक से रक्तस्राव हुआ था और शरीर से मूत्र भी निकला हुआ था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फील्ड यूनिट और कार्यपालक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण कराया। मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए और वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई। पुलिस ने बताया कि दंपति का विवाह नवंबर 2025 में हुआ था और दोनों निजी आईटी कंपनियों में कार्यरत थे। पति पुणे और मृतका गुरुग्राम में नौकरी कर रही थी। दोनों परिवार मूल रूप से विशाखापट्टनम के निवासी हैं।

कोरोनेशन अस्पताल में चिकित्सकों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में मृतका के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए बिसरा सुरक्षित रखा गया है।

पुलिस के अनुसार मृतका के पिता पी.सुधाकर ने मृत्यु के कारणों की जांच के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। इसके आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, बिसरा परीक्षण और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों की रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु के कारणों पर अंतिम निष्कर्ष निकाला जा सकेगा। फिलहाल मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय