home page

थाना दिवस पर पुलिस ने सुनीं जनसमस्याएं,साइबर और महिला सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

 | 
थाना दिवस पर पुलिस ने सुनीं जनसमस्याएं,साइबर और महिला सुरक्षा के प्रति किया जागरूक


पौड़ी गढ़वाल, 12 जुलाई (हि.स.)। जनपद में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से रविवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में थाना दिवस एवं पुलिस-जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और साइबर अपराध, महिला सुरक्षा तथा सामुदायिक पुलिसिंग के प्रति जागरूक किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रमों में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, वरिष्ठजनों, सीएलजी सदस्यों, ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

श्रीनगर पुलिस ने सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, श्रीकोट में, कोटद्वार पुलिस ने झंडीचौड़ में तथा महिला थाना श्रीनगर में थाना दिवस कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र की समस्याओं, आवश्यकताओं, सुझावों और स्थानीय परिस्थितियों पर लोगों से विस्तार से संवाद किया।

पुलिस ने नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी से सुरक्षा, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा तथा सामुदायिक पुलिसिंग जैसे विषयों पर जानकारी दी। साथ ही अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, साइबर अपराध,नशा तस्करी या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह