home page

बेहोश पड़े 85 वर्षीय कांवड़ यात्री के लिए देवदूत बने जवान

 | 
बेहोश पड़े 85 वर्षीय कांवड़ यात्री के लिए देवदूत बने जवान


पौड़ी गढ़वाल, 11 अगस्त (हि.स.)। नीलकंठ पैदल मार्ग पर मंगलवार को मानवता और कर्तव्यपरायणता की मिसाल देखने को मिली। पुण्डरासू के पास 85 वर्षीय श्रद्धालु ओमप्रकाश, निवासी काशीपुर, बेहोशी की हालत में पड़े मिले। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस, होमगार्ड और पीआरडी जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए बुजुर्ग श्रद्धालु को स्ट्रेचर के जरिए सुरक्षित प्राथमिक उपचार केंद्र पहुंचाया।

एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि मंगलवार को नीलकंठ पैदल मार्ग पुण्डरासू के समीप ओमप्रकाश की अचानक तबीयत बिगड़ने और उनके बेहोश होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही आरक्षी अंकित सिंह, आरक्षी दीपचंद, आरक्षी हरीश अधिकारी, होमगार्ड धर्मेंद्र और पीआरडी जवान धर्मेंद्र मौके पर पहुंचे।

जवानों ने तत्काल बुजुर्ग श्रद्धालु को स्ट्रेचर पर उठाया और पैदल मार्ग से सुरक्षित प्राथमिक उपचार केंद्र तक पहुंचाया। उपचार केंद्र में उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस और सुरक्षा बल जहां भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद हैं, वहीं जरूरतमंद श्रद्धालुओं की मदद के लिए भी तत्पर नजर आ रहे हैं। जवानों की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि ड्यूटी केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि संकट में फंसे श्रद्धालुओं की मदद करना भी उनकी प्राथमिकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह