home page

ऑपरेशन प्रहार: हरिद्वार में दस ढोंगी बाबा हिरासत में

 | 
ऑपरेशन प्रहार: हरिद्वार में दस ढोंगी बाबा हिरासत में


ऑपरेशन प्रहार: हरिद्वार में ढोंगी बाबाओं पर कार्रवाई, 10 गिरफ्तार

हरिद्वार, 12 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत धर्म के नाम पर लोगों को गुमराह करने वाले ढोंगी बाबाओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस को हाल के दिनों में शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग साधु-संतों का भेष धारण कर आमजन, खासकर महिलाओं और युवाओं को उनकी समस्याओं के समाधान का झांसा देकर ठगी कर रहे हैं।

इन्हीं शिकायतों के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान रोड़ीबेलवाला घाट और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने ऐसे 10 व्यक्तियों को चिन्हित किया, जो साधु का भेष धारण कर लोगों को भ्रमित कर रहे थे। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।

पकड़े गए आरोपियों में रामवतार उर्फ बब्लू (लक्ष्मीपुर, बरेली), राजू गिरि (विष्णुघाट, हरिद्वार), दिलबाग (भाडरौला, पानीपत), भगवान दास (प्रतापगढ़), चमन सिंह अहिरवार (गोरखपुर रायमेन, मध्य प्रदेश), रामचन्द्र सिद्धू (पोनिया, बिहार), सरदा गिरि (श्रीनगर धारी देवी, पौड़ी गढ़वाल), शीतल नाथ, विनय और आंचलनाथ (चंडीघाट, हरिद्वार) शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि देवभूमि में धर्म की आड़ में आस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऑपरेशन प्रहार के तहत ऐसे ढोंगियों और बहरूपियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला