home page

लापरवाही पर चौकी प्रभारी सहित 12 पुलिसकर्मी निलंबित

 | 
लापरवाही पर चौकी प्रभारी सहित 12 पुलिसकर्मी निलंबित


देहरादून, 28 मार्च (हि.स.)। अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं करने और चेकिंग अभियान में लापरवाही बरतने पर देहरादून पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए आईडीपीएल चौकी में तैनात समस्त स्टाफ को निलंबित कर दिया है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी सहित कुल 12 पुलिसकर्मी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र डोबाल को 27 मार्च की रात्रि ऋषिकेश क्षेत्र के एक होटल में बड़े स्तर पर जुआ खेले जाने की गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी। इस पर एसएसपी के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने हरिद्वार रोड स्थित मुर्गी फार्म के पास होटल में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से जुआ सामग्री, नकदी तथा विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलें बरामद की गईं। मौके से कई लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में नियमित चेकिंग और सत्यापन अभियान में लापरवाही पाए जाने पर एसएसपी ने आईडीपीएल चौकी में तैनात पूरे स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

एसएसपी ने बताया कि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। क्षेत्रीय स्तर पर निगरानी और चेकिंग अभियान को और सुदृढ़ किया जाएगा।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय