home page

दून पुलिस की ‘नाइट स्ट्राइक’, 700 सौ से अधिक लोगों से पूछताछ, 19 नशे में वाहन चलाने वाले गिरफ्तार

 | 
दून पुलिस की ‘नाइट स्ट्राइक’, 700 सौ से अधिक लोगों से पूछताछ, 19 नशे में वाहन चलाने वाले गिरफ्तार


देहरादून, 30 अगस्त (हि.स.)। भारी बारिश के बीच देहरादून पुलिस ने शनिवार देर रात जिले के नगर और देहात क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर ‘ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक’ चलाया। 700 सौ से अधिक व्यक्तियों से मौके पर पूछताछ की गई जबकि शराब पीकर वाहन चलाने वाले 19 वाहन चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को सीज किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) परमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने रात में अनावश्यक रूप से घूम रहे लोगों की जांच की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।

पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान 700 से अधिक व्यक्तियों से मौके पर पूछताछ की गई। इनमें से 27 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर पूछताछ एवं सत्यापन की कार्रवाई की गई। नियमों के उल्लंघन पर 54 व्यक्तियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 23,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 19 वाहन चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को सीज किया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 72 वाहन चालकों के एमवी एक्ट के तहत चालान किए गए और 44,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

इसके अलावा 23 वाहन चालकों के चालान माननीय न्यायालय के लिए भेजे गए, जबकि यातायात नियमों के उल्लंघन पर 21 वाहनों को सीज किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और रात के समय संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए जिले में इस तरह के सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय