खानपुर मंदिर चोरी का खुलासा: मुठभेड़ में आरिफ गिरफ्तार
हरिद्वार, 04 अक्टूबर (हि.स.)। थाना खानपुर क्षेत्र में भगवान जटा शंकर महादेव मंदिर में दानपात्र चोरी की घटना का पुलिस ने मुठभेड़ के बाद खुलासा कर दिया। चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने और फायरिंग करने वाले शातिर चोर को गोली लगने के बाद दबोचा गया।
पुलिस के अनुसार 30 सितंबर/1 अक्टूबर की रात खानपुर तुगलपुर स्थित जटा शंकर महादेव मंदिर में 3 दानपात्रों के ताले तोड़कर चोरी की गई थी। महंत शंकर दास की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर टीमें गठित की गईं। सीसीटीवी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर तलाश जारी थी।
4 अक्टूबर की रात चौकी प्रभारी गोवर्धनपुर पुलिस टीम के साथ शाहीपुर तिराहा पर सघन चेकिंग कर रहे थे। सिकंदरपुर की ओर से आ रहे एक संदिग्ध टाटा इंट्रा पिकअप संख्या को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने पुलिस कर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया और गोवर्धनपुर-खानपुर रोड की ओर भाग गया।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक खानपुर गोविंद कुमार फोर्स के साथ रवाना हुए। धर्मपुर मार्ग पर श्मशान घाट के पास घिरता देख चालक वाहन छोड़कर गन्ने के खेत में घुस गया और पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल अवस्था में उसे पकड़कर पहले सीएचसी लक्सर और फिर उप जिला चिकित्सालय रुड़की भिजवाया।
पूछताछ के दौरान घायल ने अपना नाम आरिफ पुत्र खलील निवासी तोड़ा जलालपुर, कोतवाली रुड़की उम्र 34 वर्ष बताया। उसकी निशानदेही पर टाटा इंट्रा की सीट के नीचे से जटा शंकर मंदिर से चोरी गए 3 हजार 6 सौ 60 रुपये, ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की रॉड, एक 315 बोर तमंचा, 3 जिंदा कारतूस और 1 खोखा बरामद हुआ। घटना में प्रयुक्त वाहन भी कब्जे में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपित शातिर किस्म का है। उस पर पहले से 7 मुकदमे दर्ज हैं। थाना फतेहपुर सहारनपुर, लक्सर, पुरकाजी मुजफ्फरनगर, पथरी और खानपुर में चोरी और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गोविंद कुमार, वरिष्ठ उप निरीक्षक संजय पूनिया, चौकी प्रभारी कमलकांत रतूड़ी सहित 10 पुलिसकर्मी शामिल रहे। उपचार के बाद आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

