home page

हिंदी दिवस पर जीबीपीआईईटी मे कविता और लघुकथा के जरिए दिखाई प्रतिभा

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 14 सितंबर (हि.स.)। गोविंद बल्लभ पंत इंजीनियरिंग कॉलेज (जीबीपीआईईटी) में हिंदी दिवस पर विद्यार्थियों ने कविता और लघुकथा के जरिए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्टूडेंट एक्टिविटी सेल (एसएसी) की ओर से आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कविता एवं लघुकथा प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हिंदी की समृद्धता, संवेदनाओं और साहित्यिक सृजनशीलता को अपनी रचनाओं में उकेरा। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि और सम्मान बढ़ाने के साथ उनकी रचनात्मक अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करना रहा। संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) वीके बंगा ने विद्यार्थियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी देश की समृद्ध सांस्कृतिक और भाषायी विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ भाषा, साहित्य और संस्कृति से भी जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, अभिव्यक्ति कौशल और आत्मविश्वास को बढ़ाने में सहायक हैं।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी साहित्यिक प्रतिभा सामने लाने के साथ हिंदी के प्रति जुड़ाव मजबूत करने का अवसर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह