home page

प्रधानमंत्री माेदी के कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का मुख्यमंत्री ने लिया जायजा

 | 
प्रधानमंत्री माेदी के कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का मुख्यमंत्री ने लिया जायजा


देहरादून, 12 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून कार्यक्रम काे देखते हुएरविवार को गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड एवं मां डाट काली मंदिर तक सड़क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। साथ ही, यातायात प्रबंधन की सुव्यवस्थित योजना बनाने और आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने जसवंत ग्राउंड पर मंच, दर्शक दीर्घा एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। यहां उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप सभी तैयारियां पूरी की जाएं। साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता दें।

मुख्यमंत्री धामी मां डाट काली मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि के साथ कार्यक्रम की सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पाण्डेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी सविन बंसल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय