प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर तैयारियां तेज, डीएम ने किया रूट और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
देहरादून, 04 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून दौरे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को उत्तराखंड दौरे पर आ सकते हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल ने शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल और अन्य अधिकारियों के साथ आशारोड़ी से गढ़ीकैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड तक सड़क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से पूर्व सड़क से जुड़े सभी आवश्यक सुधार कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने क्षतिग्रस्त डिवाइडरों की मरम्मत, सड़क पैचवर्क, दीवारों के रंग-रोगन और प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे फैले मलबे की सफाई सुनिश्चित कर मार्ग को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पूरे रूट पर चाक-चौबंद इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन बाधित न हो।
इसके बाद जिलाधिकारी ने गढ़ीकैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को मुख्य पंडाल, आमजन के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, अल्पाहार और मोबाइल शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए भी विशेष प्रबंध करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बता दें कि पूर्व में प्रधानमंत्री का प्रस्तावित उत्तराखंड दौरा कुछ राज्यों में चुनावी व्यस्तता के कारण स्थगित हो गया था। अब प्रधानमंत्री के 14 अप्रैल को उत्तराखंड आगमन की संभावना जताई जा रही है। हालांकि प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ओपी सिंह तथा एनएचएआई की प्रबंधक शालू चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

