मोदी सरकार के 12 वर्ष: विरासत और वैश्विक प्रतिष्ठा की यात्रा: स्वामी अवधेशानंद ग
हरिद्वार, 10 जून (हि.स.)। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि ने अपने संदेश में इसे भारत के आत्मनिर्भरता, आत्मगौरव और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का स्वर्णिम कालखंड बताया है।
उन्होंने कहा कि भारत केवल एक राष्ट्र नहीं, बल्कि सनातन सांस्कृतिक चेतना, आध्यात्मिक परंपरा और जीवन्त सभ्यता का प्रतीक है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व ने देश में नवचेतना, नवविश्वास और नवसंकल्प का संचार किया है। उन्होंने कहा कि मोदी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक अस्मिता, विकास-दृष्टि और वैश्विक प्रतिष्ठा के सशक्त संवाहक हैं।
स्वामी अवधेशानंद गिरि ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना,K जल जीवन मिशन और गरीबों को निःशुल्क खाद्यान्न जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।
उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचना के क्षेत्र में आधुनिक रेलवे, वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार, एक्सप्रेसवे, नए हवाई अड्डे, डिजिटल अवसंरचना और राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास ने भारत को नई गति प्रदान की है। डिजिटल भुगतान और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में भी भारत ने वैश्विक पहचान बनाई है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय में उन्होंने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति ने भारत की सामरिक शक्ति को मजबूत किया है। वहीं आत्मनिर्भर भारत अभियान ने देश में आत्मविश्वास और स्वावलंबन की नई भावना को जन्म दिया है।
सांस्कृतिक पुनर्जागरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और केदारनाथ धाम के पुनर्विकास को ऐतिहासिक उपलब्धियां बताया। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से देश की सांस्कृतिक चेतना और आत्मविश्वास को नई ऊर्जा मिली है।
स्वामी अवधेशानंद गिरि ने कहा कि वैश्विक स्तर पर भी भारत की प्रतिष्ठा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। जी-20 की सफल अध्यक्षता और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बढ़ती भूमिका देश की मजबूत होती वैश्विक पहचान का प्रमाण है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 12 वर्षों की सफल यात्रा के लिए बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प की दिशा में आगे बढ़ता राष्ट्र प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और 140 करोड़ भारतीयों के सामूहिक पुरुषार्थ का परिणाम है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

