home page

मिश्री मठ में मोदी के जन्मदिवस पर 76 किलो के लड्डू का केक कटा

 | 
मिश्री मठ में मोदी के जन्मदिवस पर 76 किलो के लड्डू का केक कटा


-देश को विकसित बनाने में जुटे हैं प्रधानमंत्री मोदी : करौली शंकर

हरिद्वार, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76 वें जन्मदिवस पर मिश्री मठ, हरिद्वार में 76 किलो लड्डू का केक काटकर मिष्ठान वितरण किया गया। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को मानव सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए सेवा प्रकल्पों का आयोजन किया गया।

अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक एवं नया अखाड़ा के महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश को विकसित बनाने में जुटे हैं। 15 वर्ष मुख्यमंत्री और 12 वर्ष प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 27 साल तक रात-दिन परिश्रम कर उन्होंने राष्ट्र को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके नेतृत्व में सैकड़ों वर्षों की प्रतीक्षा के बाद राम मंदिर का निर्माण हुआ और देश को धारा 370 से मुक्ति मिली। राम मंदिर का निर्माण बिना रक्तपात के होना बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि मिश्री मठ देशभर में रोग, शोक व नशा मुक्ति अभियान चला रहा है। देश जब इन व्याधियों से मुक्त होगा तभी विकसित राष्ट्र बनकर विश्वगुरु बनेगा। मोदी जैसा नेतृत्व देशवासियों का सौभाग्य है। श्री पंचायती बड़ा अखाड़ा उदासीन के कारोबारी महंत गोविंद दास महाराज ने कहा कि पीएम मोदी राजनीति में सेवा और शुचिता के प्रतीक हैं।

प्रबंधक डॉ. उमेश सचान ने बताया कि गुरुदेव के आह्वान पर मानव सेवा दिवस के तहत हवन, पौधारोपण और अन्न क्षेत्र का आयोजन किया गया। देशभर में आज अनुयायिओं की ओर से 21 हजार पौधे लगाए जा रहे हैं।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी, अनिरुद्ध शर्मा, सतपाल सिंह समेत सैकड़ों अनुयायी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला