प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की प्रेरणा : धामी
देहरादून, 30 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कुंवावाला में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 137 वां संस्करण सुना। कार्यक्रम के बाद उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों और अभिनव प्रयासों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने का प्रभावी माध्यम बन गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रहने तथा ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ के संकल्प को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त युवा ही सशक्त और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। प्रधानमंत्री के इस आह्वान से युवाओं में नशे के विरुद्ध जागरूकता बढ़ने के साथ स्वस्थ, सकारात्मक और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित युवा शक्ति को नई ऊर्जा मिलेगी।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत के गौरवशाली इतिहास और विरासत को नई पीढ़ी तक सरल एवं रोचक तरीके से पहुंचाने के लिए किए जा रहे अभिनव प्रयासों का भी उल्लेख किया। ऐसे प्रयास युवाओं को देश के समृद्ध इतिहास से जोड़ने के साथ उनमें संस्कृति, विरासत और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री देश के विभिन्न क्षेत्रों में सामान्य नागरिकों द्वारा किए जा रहे असाधारण कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दे रहे हैं। इससे अन्य लोगों को भी अपने-अपने क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को जीवन में आत्मसात करते हुए नशामुक्त, स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, मदन कौशिक, भरत चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

