प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने दी शुभकामनाएं
देहरादून, 17 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए बाबा केदार से उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से विशेष आत्मीय लगाव रहा है। उनके मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में सड़क, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी, चारधाम, सीमांत क्षेत्रों, पर्यटन और आध्यात्मिक स्थलों के विकास को गति मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने केदारनाथ धाम की धरती से ‘21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा’ का संकल्प व्यक्त किया था। मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे और पर्यटन के नए अवसरों के साथ यह संकल्प साकार होता दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन और उत्तराखंड के प्रति उनका स्नेह राज्य के विकास के लिए प्रेरणा का स्रोत है। राज्य सरकार विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित उत्तराखंड के निर्माण के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

