home page

प्रधानमंत्री की अपील राष्ट्रहित और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम: महेंद्र भट्ट

 | 
प्रधानमंत्री की अपील राष्ट्रहित और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम: महेंद्र भट्ट


देहरादून, 11 मई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, सोना-चांदी की खरीद टालने और विदेशी यात्राओं में संयम बरतने की अपील का समर्थन करते हुए कहा कि राष्ट्रहित और आत्मनिर्भरता की दिशा में देशवासियों का हर छोटा कदम विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

महेंद्र भट्ट ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा कि पश्चिमी एशिया में जारी संकट और वैश्विक ऊर्जा अस्थिरता को देखते हुए प्रधानमंत्री की यह अपील अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्तराखंड के लोग ऊर्जा और आर्थिक सुरक्षा की दिशा में प्रधानमंत्री के आग्रह का पालन करेंगे।उन्होंने कहा कि ईंधन की बचत, मितव्ययता और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने से देश की विदेशी मुद्रा की बचत होगी और भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में और मजबूत बनेगा। उन्होंने इसे 'आर्थिक आत्मरक्षा' की दिशा में एक दूरदर्शी कदम बताया।

उन्होंने कहा कि विश्व इस समय ऊर्जा संकट का सामना कर रही है और भारत भी इससे अछूता नहीं है। ऐसे में सभी देशवासियों को मिलकर इस चुनौती का सामना करना होगा। उन्होंने विपक्ष से भी इस मुद्दे पर सकारात्मक भूमिका निभाने का आग्रह करते हुए कहा कि विपक्ष के पास भी देशहित में ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक मजबूती के लिए सरकार के साथ खड़े होने का अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नीति और नीयत पर देश को पूरा भरोसा है और पहले भी कठिन परिस्थितियों में देशवासियों ने उनके निर्णयों का समर्थन किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय