प्रधानमंत्री के ऐतिहासिक कार्यकाल पर देवभूमि में विशेष पूजा-अर्चना
देहरादून, 10 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक अवसर पर उत्तराखंड में चारधाम सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना, हवन और प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित कैंची धाम, बागनाथ, जागेश्वर, टपकेश्वर, धारी देवी, पूर्णागिरि, देवीधुरा और गर्जिया मंदिर समेत प्रदेश के लगभग सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष अनुष्ठान आयोजित किए गए। वहीं हरिद्वार, ऋषिकेश और देवप्रयाग के गंगा घाटों पर विशेष गंगा आरती कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु और सफल नेतृत्व की कामना की गई।
उन्होंने बताया कि नानकमत्ता, काशीपुर, बाजपुर, रुद्रपुर, गदरपुर और हेमकुंड साहिब सहित विभिन्न गुरुद्वारों में विशेष अरदास हुई, जबकि देहरादून के जैन मंदिर और नैनीताल के बौद्ध मठों में भी प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों में सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भागीदारी की।
देहरादून के झाझरा स्थित बालाजी मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद ने विशेष पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष आत्मीय संबंध रहा है और उन्होंने राज्य के विकास में अभूतपूर्व योगदान दिया है। ऑल वेदर रोड परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन तथा केदारनाथ-बदरीनाथ धाम के पुनर्निर्माण जैसे कार्य उनके दूरदर्शी नेतृत्व की मिसाल हैं।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 4,399 दिन पूरे कर देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में इतिहास रचा है, जिस पर पूरे देश के साथ उत्तराखंड भी गर्व महसूस कर रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए बाबा केदार और बद्री विशाल से उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।
----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

