home page

प्लास्टिक मुक्त होगी केदारनाथ यात्रा, मुख्यमंत्री ने सड़क मार्ग का लिया जायजा

 | 
प्लास्टिक मुक्त होगी केदारनाथ यात्रा, मुख्यमंत्री ने सड़क मार्ग का लिया जायजा


रुद्रप्रयाग, 16 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि इस वर्ष केदारनाथ धाम यात्रा को प्लास्टिक मुक्त बनाया जाएगा। उन्होंने चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों के तहत रुद्रप्रयाग से गुप्तकाशी तक सड़क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

गुरुवार को गुप्तकाशी में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं के साथ सौम्य व्यवहार रखने और आपात स्थिति के लिए दवाइयां, पेयजल व अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा के दौरान प्लास्टिक उपयोग पर रोक और “ग्रीन यात्रा” को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर संवेदनशील क्षेत्रों, निर्माणाधीन कार्यों और यात्री सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य यात्रा शुरू होने से पहले पूर्ण किए जाएं। उन्होंने सुरक्षा उपायों, साइनेज, क्रैश बैरियर और सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा।

मुख्यमंत्री ने 'वोकल फॉर लोकल' के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और स्वयं सहायता समूहों को जोड़कर रोजगार सृजन करने की बात कही। साथ ही भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने बताया कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद केंद्र सरकार से अतिरिक्त गैस आपूर्ति की मांग की गई है, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को यात्रा से जोड़ते हुए “वोकल फॉर लोकल” के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही पैदल मार्गों पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी,विधायक आशा नौटियाल,जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय