लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर जेल अधीक्षक को धमकी देने वाला दबोचा
हरिद्वार, 21 सितंबर (हि.स.)। जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने के मामले में सिडकुल पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने जेल अधीक्षक के मोबाइल पर अभद्र और जान से मारने की धमकी भरे संदेश भेजे थे। पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर को जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने थाना सिडकुल में शिकायत दी थी कि उनके मोबाइल पर धमकी भरे संदेश भेजे जा रहे हैं। शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुट गई थी। 21 सितंबर को सूर्यनगर के पास चेकिंग के दौरान आरोपी हिमांशु चोढा को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी शीला जिला कारागार में बंद है। पत्नी से मुलाकात के दौरान जेल स्टाफ द्वारा अधिक पूछताछ किए जाने से वह नाराज था। उसकी पत्नी ने ही उसे जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने को कहा और मोबाइल नंबर दिया।
इसके बाद आरोपी लुधियाना गया और अपने आधार कार्ड से लिए गए नए नंबर से धमकी भरे संदेश भेजे।
सोशल मीडिया से मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने पर वह जेल अधीक्षक को डराने के लिए तमंचा लेकर लुधियाना से हरिद्वार आया था और जेल की ओर जा रहा था, तभी गिरफ्तार हो गया। पुलिस ने अवैध तमंचा बरामद होने पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ा दी है। आरोपी की पत्नी के खिलाफ भी धारा 351(3)/352/61(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जाएगी। आरोपी मूल रूप से लुधियाना पंजाब का रहने वाला है और वर्तमान में देहरादून के आईडीपीएल क्षेत्र में रह रहा था। उसके खिलाफ रायवाला थाने में भी मुकदमा दर्ज है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

