पूर्व श्रम उपायुक्त सहित लोगों ने लीं भाजपा की सदस्यता
देहरादून, 26 मार्च (हि.स.)। सेवानिवृत्त श्रम उप आयुक्त सुरेश आर्य सहित बड़ी संख्या में लोगों ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नए सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं बीस सूत्रीय क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष ज्योति गैरोला और प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने सभी को सदस्यता दिलाई। कार्यक्रम में नए सदस्यों का स्वागत करते हुए ज्योति गैरोला ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और राज्य सरकार की विकास नीतियों से प्रभावित होकर लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक परिवार है, जिसमें सेवा भाव के साथ कार्य करने का अवसर मिलता है।
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसके पास सर्वाधिक जनप्रतिनिधित्व और कई राज्यों में सरकारें हैं। उन्होंने इसे संगठन की सतत जनसंपर्क और सेवा गतिविधियों का परिणाम बताया।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले पूर्व श्रम उपआयुक्त सुरेश आर्य ने कहा कि अपने पूरे सेवा काल के दौरान उन्हें जनसेवा का अवसर मिला और सेवानिवृत्ति के बाद भी वे इस कार्य को आगे बढ़ाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को सबसे उपयुक्त मंच के रूप में चुना। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और राज्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली को भाजपा से जुड़ने का प्रमुख कारण बताया।
सुरेश आर्य ने कहा कि पार्टी की विचारधारा और सेवा-समर्पण की भावना से प्रेरित होकर वे संगठन के माध्यम से समाज के लिए कार्य करना चाहते हैं।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में नरेश भारद्वाज, आकाश पवार, राहुल पाल, रोशन, अंशुल तिवारी, अंकित तिवारी, पीयूष चौहान, सुनील चौहान, बृजेश कुमार, हिमांशु चंद्र, दीपक कुमार, गोपाल राम, कैलाश चंद्र, चयनिका आर्य, प्रियंका आर्य, भावना आर्य, कैलाश कुमार, सुंदर सिंह, गणेश मेहरा, वीरेंद्र कुमार, जीवन सिंह रावत, सरिता आर्या, मीनू आर्य, ज्योति तिवारी, गीता तिवारी, विक्रम सिंह, कुलदीप सिंह, मेजर सिंह, प्रीतम सिंह, कश्मीर सिंह और संजीव चौहान सहित अन्य लोग शामिल रहे।
इस दौरान सरकार में दायित्वधारी पीसी नैनवाल, प्रदेश कार्यालय सचिव जगनमोहन रावत, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी, प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी और डॉ. आर.पी. रतूड़ी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

