ओखलकांडा में 1.21 करोड़ की लागत से बने पैदल पुल का लोकार्पण
नैनीताल, 02 जून (हि.स.)। प्रदेश के पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मंगलवार को अपनी विधानसभा के अंतर्गत ओखलकांडा विकासखंड की ग्राम सभा हैड़ाखान के साचा क्षेत्र में गौला नदी पर 1 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से निर्मित 60 मीटर लंबे पैदल पुल का लोकार्पण किया। पुल के निर्माण से क्षेत्र के हैड़ाखान, लमगड़ा, साचा, बेडूखेत, पस्या, देवली, कौडार सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी।
क्षेत्रवासियों ने लंबे समय से गौला नदी पर पुल निर्माण की मांग की थी। पुल नहीं होने के कारण ग्रामीणों को विशेषकर बरसात के दौरान 15 से 20 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर मुख्य मार्ग तक पहुंचना पड़ता था। विद्यालय जाने वाले विद्यार्थियों को भी नदी पार करने में जोखिम उठाना पड़ता था और वर्षा ऋतु में कई बार आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता था।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि ग्रामीणों और विद्यार्थियों की समस्याओं को देखते हुए शासन से 1.21 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कराकर पुल का निर्माण कराया गया। उन्होंने कहा कि पुल बनने से क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हुआ है।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं के समाधान और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने मंत्री का पुष्पमालाओं से स्वागत करते हुए पुल निर्माण के लिए आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

