home page

डोभाल पर टिप्पणी से भड़के मदन कौशिक, बोले, उत्तराखंड के स्वाभिमान पर चोट

 | 
डोभाल पर टिप्पणी से भड़के मदन कौशिक, बोले, उत्तराखंड के स्वाभिमान पर चोट


हरिद्वार, 13 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी की कथित टिप्पणी पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि डोभाल पर अमर्यादित टिप्पणी किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे उत्तराखंड के गौरव और स्वाभिमान से जुड़ी भावनाएं भी आहत होती हैं। कौशिक ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से इस मामले में पार्टी का रुख स्पष्ट करने की मांग की।

मंगलवार को मेयर कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कौशिक ने सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी की टिप्पणी कांग्रेस की आधिकारिक सोच को दर्शाती है? यदि प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व इस बयान से सहमत नहीं है तो उसे खुलकर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि अजीत डोभाल ने अपना जीवन देश की सुरक्षा के लिए समर्पित किया है। उनकी पहचान दशकों की राष्ट्रसेवा से बनी है। उत्तराखंड ने जनरल बिपिन रावत और अजीत डोभाल जैसे व्यक्तित्व देश को दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऐसे व्यक्तित्वों को राजनीतिक विवाद में घसीटते समय मर्यादा और प्रदेश की भावनाओं का ध्यान रखा जाना चाहिए।

सैन्य कार्रवाई पर सवाल उठाने को लेकर कांग्रेस पर निशाना

कौशिक ने कांग्रेस नेताओं के पुराने बयानों का उल्लेख करते हुए वर्ष 2017 में तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत के खिलाफ कथित तौर पर की गई ‘सड़क का गुंडा’ टिप्पणी का जिक्र किया। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयरस्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के बाद सैन्य कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेताओं की ओर से उठाए गए सवालों पर भी निशाना साधा। उन्होंने गलवान घाटी की घटना के बाद राहुल गांधी के बयानों को लेकर हुए विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन सेना और देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले लोगों के सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए।

राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकतार: कौशिक

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि देश की सुरक्षा के लिए काम करने वाले अजीत डोभाल जैसे व्यक्तित्व को लेकर इस तरह की टिप्पणी क्यों की जा रही है। कौशिक ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के सम्मान की मर्यादा बनी रहनी चाहिए।

प्रेसवार्ता में मेयर किरण जैसल, विधायक आदेश चौहान, मीडिया के प्रदेश सह प्रभारी विकास तिवारी, सुभाष चंद्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला