home page

प्रजापति कुंभकार समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए: डॉ. मनीनवाल

 | 
प्रजापति कुंभकार समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए: डॉ. मनीनवाल


हरिद्वार, 27 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय प्रजापति कुंभकार महासंघ ने समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की मांग की है।

प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए महासंघ के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र मनीनवाल ने कहा कि सरकार को कुंभकार समाज को मुख्यधारा में लाने के लिए ठोस नीति बनानी चाहिए।

उन्होंने कहा शिल्प कला में दक्ष शिल्पकारों को सोलर भट्टी योजना से जोड़ा जाए और माटी कला से जुड़े लोगों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के प्रयास किए जाएं, ताकि वे अपने रोजगार को बेहतर तरीके से संचालित कर सकें। कुंभकारों को बिजली से चलने वाले चाक उपलब्ध कराए जाएं।

उन्होंने मांग की कि माटी कला बोर्ड को आयोग का दर्जा दिया जाए। कहा कि कुंभकार समाज अति पिछड़ा वर्ग में आता है, जिसके उत्थान के लिए सरकार को गंभीर कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि कुंभकार समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करना बंद कर राजनीतिक हिस्सेदारी दी जाए। विधानसभा, लोकसभा, राज्यसभा, जिला पंचायत और नगर निकायों में समाज को प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए। जातिगत जनगणना पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि जनगणना फॉर्म में जाति का कॉलम होना चाहिए।

उन्होंने समाज से अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करने की अपील की। इस दौरान शिवकुमार, बालूराम, अतर सिंह, विनोद प्रजापति, राजाराम प्रजापति, राजेंद्र कश्यप मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला