home page

आठवें वेतन आयोग में पेंशन पुनरीक्षण पर स्थिति स्पष्ट करे केंद्र सरकार: पेंशनर्स

 | 
आठवें वेतन आयोग में पेंशन पुनरीक्षण पर स्थिति स्पष्ट करे केंद्र सरकार: पेंशनर्स


हरिद्वार, 28 अक्टूबर (हि.स.)। आठवें वेतन आयोग की संदर्भित शर्तों में वर्तमान पेंशनरों के पेंशन पुनरीक्षण को लेकर स्थिति स्पष्ट न होने से पेंशनर संगठनों में नाराजगी बढ़ गई है। पेंशनरों ने एक जनवरी 2026 से पहले सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन पुनरीक्षण पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग कर आंदोलन की चेतावनी दी है।

सेवानिवृत्त वन अधिकारी कर्मचारी कल्याण समिति के तत्वावधान में टाइगर रिजर्व रानीपुर के मुख्य द्वार स्थित सभागार में बुधवार को पेंशनरों की सभा हुई। अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष वीएस तोमर ने की, संचालन राजवीर सिंह मलिक और केएन तिवारी ने किया। गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

सभा में पेंशनर्स संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बीपी चौहान, उपाध्यक्ष सुखवंश सिंह, महामंत्री जेपी चाहर, कोषाध्यक्ष आरसी पंत और उमाशंकर पांडेय को सम्मानित किया गया।

महामंत्री जेपी चाहर ने कहा कि मुख्य सचिव की बैठक के बाद भी गोल्डन कार्ड की खामियां, कम्यूटेशन कटौती, नॉशनल इंक्रीमेंट, पेंशन पहचान पत्र और अतिरिक्त पेंशन जैसे मुद्दे लंबित हैं। उन्होंने आठवें वेतन आयोग की टीओआर में पेंशनरों को शामिल न करने और वित्त विधेयक 2025 में भेदभाव का विरोध करने का आह्वान किया।

प्रांतीय अध्यक्ष तोमर ने सभी को वन्यजीव संरक्षण का संकल्प दिलाया। दिवंगत सदस्यों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की गई। इस दौरान डीपी वर्मा, सतपाल सैनी, कुंवर एसपी सिंह सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला