home page

पाइपलाइन में पानी होता तो समय रहते बुझ सकती थी पवाणी की आग

 | 

उत्तरकाशी, 25 नवंबर (हि.स.)। पवाणी गांव में मंगलवार देर शाम हुए भीषण अग्निकांड ने लाखों की जल जीवन मिशन योजना की जमीनी हकीकत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव में यदि जल जीवन मिशन के तहत दो वर्षों पहले बिछाई गई पेयजल पाइपलाइन में नियमित पानी की आपूर्ति होती, तो शायद आग पर समय रहते काबू पाया जा सकता था। जिसके चलते कई भवनों को जलकर राख होने से बचाया जा सकता था। लेकिन पानी आपूर्ति न होने के कारण ग्रामीणों को कई मीटर दूर प्राकृतिक स्रोत पर निर्भर रहना पड़ा।

आग्निकांड से प्रभावित हुए ग्रामीणों के मुताबिक वर्ष 2024-25 गांव में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाई जानी थी। जिसके लिए गांव से लगभग दो सौ से तीन सौ मीटर दूर नागराजा प्राकृतिक स्रोत के भी ऊपर टेंक का निर्माण किया गया है। जिसकी लाइने बिछाने के साथ घरों में नल तो लगा दिए गया हैं। लेकिन आज का उन नलों पर पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई है। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार को जब गांव में आग ने विकराल रूप लिया तो पानी की कमी सबसे बड़ी चुनौती बनकर सामने आई।

ग्रामीणों को आग बुझाने के लिए करीब 100 से 150 मीटर दूर स्थित नागराजा प्राकृतिक जलस्रोत से पानी लाना पड़ा। लेकिन गांव तथा प्राकृतिक स्रोत के बीच दूरी अधिक होने के कारण ग्रामीणों को पानी लाने में काफी समय लग रहा था। ऐसे में ग्रामीणों ने आग से जल रहे भवन तथा सुरक्षित भवन के बीच के भवनो को तोड़कर किसी तरह से आग पर काबू पाया। लेकिन सीमित संसाधनों और पानी की किल्लत के बीच ग्रामीण आग बुझाने में जुटे रहे तब तक आग कई भवनों को अपनी चपेट में ले चुकी थी।

इनका कहना

-जल जीवन मिशन के तहत काम पूरा नहीं हो पाया है।

सहायक अभियंता जल निगम टीएस भंडारी ने बताया कि गांव में योजना बनी थी। जिसे दो साल पहले पंचायत को हस्तांतरित कर दिया गया था। फिलहाल अभी गांव में प्लास्टिक के पाइपों से पानी की सप्लाई दी जानी है। जिसके लिए पाइप पहुंच गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल