आंगन मिलन में धात्री महिलाओं और बच्चों को बांटी सामग्री
पौड़ी गढ़वाल, 05 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में धात्री महिलाओं को खजूर व मूंगफली दाना वितरित किया गया, जबकि तीन से छह वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को ड्रेस प्रदान की गई।
किमसार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम प्रधान दीपक बिष्ट, वार्ड सदस्य डबल सिंह, आरती देवी, शोभा देवी, आशा कार्यकर्ता सरिता बिष्ट समेत छह वर्ष तक के बच्चों के अभिभावक और ग्रामीण शामिल हुए। इसी क्रम में परियोजना थलीसैंण के आंगनबाड़ी केंद्र तरपाली में भी आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने कहा कि आंगन मिलन के माध्यम से बच्चों, गर्भवती व धात्री महिलाओं और अभिभावकों को पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास सेवाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर लाभार्थियों को नियमित सेवाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

