home page

पौड़ी में पांच नई औद्योगिक इकाइयों को सैद्धांतिक स्वीकृति

 | 
पौड़ी में पांच नई औद्योगिक इकाइयों को सैद्धांतिक स्वीकृति


पौड़ी गढ़वाल, 17 जुलाई (हि.स.)। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन में उद्योग विभाग के तहत सिंगल विंडो सिस्टम की जिला प्राधिकृत समिति की बैठक हुई। बैठक में जनपद में नए उद्योगों की स्थापना से जुड़े छह प्रस्तावों पर विचार किया गया, जिनमें से पांच को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई।

समिति ने होटल संबंधी एक आवेदन में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सैद्धांतिक स्वीकृति देने का निर्णय लिया। बैठक में एडिबल नट प्रोसेसिंग यूनिट, दो सोलर पावर प्लांट, एक आयुर्वेदिक हर्बल सप्लीमेंट यूनिट और एक कोरोगेटेड बॉक्स निर्माण इकाई को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक इकाइयों के लिए विभिन्न विभागों से जारी होने वाले लंबित अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) के सभी मामलों का माह के अंत तक अनिवार्य रूप से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निवेशकों और उद्यमियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

बैठक में महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग, लीड बैंक प्रबंधक, मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र सिंह खाती, उप प्रभागीय वनाधिकारी आयशा बिष्ट, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कमल किशोर जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह