home page

पौड़ी में जोश टीमों का शुभारंभ, घर-घर पहुंचेगा टीबी मुक्त भारत का संदेश

 | 
पौड़ी में जोश टीमों का शुभारंभ, घर-घर पहुंचेगा टीबी मुक्त भारत का संदेश


पौड़ी गढ़वाल, 08 अक्टूबर (हि.स.)।भारत सरकार एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तराखंड के निर्देशों के तहत जनपद पौड़ी गढ़वाल में टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के लिए ज्वाइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ (जोश) टीमों का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय स्तर पर वर्चुअल माध्यम से हुआ, जिसका सीधा प्रसारण जनपद स्तर पर किया गया।

कार्यक्रम में विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अभियान के तहत जनपद के प्रत्येक विकासखंड से पांच-पांच युवाओं को मेरा भारत स्वयंसेवक और एनसीसी कैडेट्स के साथ टीबी मुक्त भारत टीम में शामिल किया गया है। ये युवा अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को टीबी के लक्षण, जांच, उपचार और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि जोश टीम के सदस्य लोगों को टीबी के संभावित लक्षणों के प्रति जागरूक करेंगे और संदिग्ध मरीजों को समय पर जांच कराने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही लोगों को निक्षय पोषण योजना की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि पात्र मरीज सरकारी सहायता का लाभ उठा सकें।

कार्यक्रम के दौरान जनपद की टीबी मुक्त घोषित ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ समुदाय और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी जरूरी है।

कार्यक्रम में जोश मोबाइल एप पर युवाओं का पंजीकरण कराया गया। इसके बाद सभी प्रतिभागियों को टीबी मुक्त भारत के निर्माण में सहयोग करने की शपथ दिलाई गई। युवाओं से अपील की गई कि वे अपने क्षेत्रों में टीबी को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के साथ लोगों को जांच और उपचार के लिए प्रेरित करें।

जोश टीमों के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश घर-घर पहुंचाने और टीबी मरीजों की समय पर पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ने पर जोर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह