पतंजलि अनुसंधान संस्थान को लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय सम्मान
हरिद्वार, 10 अप्रैल (हि.स.)।पतंजलि अनुसंधान संस्थान ने वैज्ञानिक उत्कृष्टता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए डॉ पी डी सेठी नेशनल एचपीटीएलसी अवार्ड्स -2025 में प्राइवेट इंडस्ट्री कैटेगरी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह लगातार दूसरा वर्ष है जब संस्थान को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया है। यह पुरस्कार आंवला के बीज तेल पर किए गए शोध के लिए प्रदान किया गया, जिसमें इसके प्रभावशाली एंटी-माइक्रोबियल और बायोफिल्म-रोधी गुणों को प्रमाणित किया गया है।
पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि यह सम्मान पतंजलि के वैज्ञानिकों की वर्षों की मेहनत, समर्पण और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का परिणाम है। उन्होंने इसे उन सभी शोधकर्ताओं की जीत बताया जो सुरक्षित और प्रभावी समाधान विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
संस्थान के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. अनुराग वार्ष्णेय ने बताया कि यह पुरस्कार एनालिटिकल केमिस्ट्री के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध को मान्यता देता है। उल्लेखनीय है कि इसी शोध के आधार पर भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा भी संस्थान को “वेस्ट तो वर्थ” सम्मेलन में सम्मानित किया जा चुका है, जबकि अंतरराष्ट्रीय जर्नल ‘ अप्लाइड फूड रिसर्च’ में भी शोध प्रकाशित हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

