पतंजलि और ऑस्ट्रेलिया की सदर्न क्रॉस यूनिवर्सिटी के बीच एमओयू
हरिद्वार, 01 मई (हि.स.)। वैश्विक स्तर पर समग्र स्वास्थ्य विज्ञान के क्षेत्र में सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में पतंजलि अनुसंधान संस्थान और ऑस्ट्रेलिया की सदर्न क्रॉस यूनिवर्सिटी के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि पतंजलि, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान के समन्वय में अग्रणी भूमिका निभा रहा है, और सदर्न क्रॉस यूनिवर्सिटी, जो ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स में स्थित एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थान है के साथ साझेदारी के माध्यम से शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
यह सहयोग न केवल दोनों संस्थानों की विशेषज्ञता को एक मंच पर लाएगा, बल्कि वैश्विक स्वास्थ्य चुनौतियों के समाधान के लिए भी एक सशक्त आधार तैयार करेगा। समझौता ज्ञापन समारोह में सदर्न क्रॉस यूनिवर्सिटी के प्रो-वाईस-चांसलर प्रो. बेन रॉश ने कहा कि इस समझौते के अंतर्गत दोनों संस्थान संयुक्त रूप से आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाले विषयों पर अनुसंधान करेंगे,जो सनातन ज्ञान और आधुनिक विज्ञान के मध्य एक सेतु का कार्य करेगा।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से सदर्न क्रॉस यूनिवर्सिटी के नेशनल सेंटर फॉर नैचुरोपैथिक मेडिसिन के फाउंडेशन डायरेक्टर प्रोफेसर जॉन वार्डल व पतंजलि अनुसंधान संस्थान के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. अनुराग वार्ष्णेय मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

