home page

होटल में मिला यात्री का शव

 | 

हरिद्वार, 03 अक्टूबर (हि.स.)। बदरीनाथ धाम के दर्शन के बाद हरिद्वार पहुंचे उत्तर प्रदेश के एक श्रद्धालु का रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल में शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के फतेहपुर निवासी 48 वर्षीय राजेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, राजेश 28 सितंबर को बदरीनाथ धाम के दर्शन के बाद हरिद्वार पहुंचे थे और रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में ठहरे थे।

होटल कर्मचारियों को कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर संदेह हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे की जांच की और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है।

नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद से जुड़ी परिस्थितियों की बात सामने आई है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से पूछताछ के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला