home page

डॉ. पंकज गर्ग एबीएसआई के निदेशक निर्वाचित

 | 
डॉ. पंकज गर्ग एबीएसआई के निदेशक निर्वाचित


देहरादून, 05 अगस्त (हि.स.)। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल एवं एसजीआरआर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज गर्ग को एसोसिएशन ऑफ ब्रेस्ट सर्जन्स ऑफ इंडिया (एबीएसआई) का निदेशक (शिक्षा), उत्तर क्षेत्र (कार्यकाल 2026-2028) निर्वाचित किया गया है। यह जिम्मेदारी उन्हें स्तन कैंसर सर्जरी, चिकित्सा शिक्षा, प्रशिक्षण और शोध के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए मिली है।

निदेशक (शिक्षा) के रूप में डॉ. गर्ग उत्तर भारत में शैक्षणिक कार्यक्रमों, प्रशिक्षण गतिविधियों, अकादमिक सहयोग और प्रमाण आधारित स्तन कैंसर उपचार पद्धतियों को बढ़ावा देने में भूमिका निभाएंगे। उनके नेतृत्व में स्तन कैंसर के क्षेत्र में चिकित्सकों के प्रशिक्षण और नवीनतम उपचार तकनीकों के प्रसार को गति मिलने की उम्मीद है।

श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के चेयरमैन श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने डॉ.पंकज गर्ग को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे एसजीआरआर परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि इससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक मंचों पर संस्थान की प्रतिष्ठा और मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि स्तन कैंसर महिलाओं में होने वाले सबसे सामान्य कैंसर में शामिल है और उत्तराखंड जैसे राज्यों में इसके प्रति जागरूकता, समय पर जांच, शीघ्र निदान और बेहतर उपचार की आवश्यकता है। डॉ. गर्ग की नई भूमिका से स्तन कैंसर जागरूकता अभियानों, चिकित्सकीय प्रशिक्षण और रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

डॉ. पंकज गर्ग ने अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे एबीएसआई में शिक्षा, शोध, प्रशिक्षण और जन-जागरूकता के क्षेत्र में सार्थक योगदान देने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि एसजीआरआर संस्थान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।

इस अवसर पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल प्रबंधन, संकाय सदस्यों और कर्मचारियों ने डॉ. पंकज गर्ग को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल