home page

आउटसोर्स कर्मियों की बहाली की मांग को लेकर दी चेतावनी

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 26 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तराखंड जल संस्थान के आउटसोर्स कर्मचारियों ने गुरुवार को डीएम कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने श्रीनगर श्रीकोट और शक्ति विहार शाखा से हटाए गए 38 आउटसोर्स कर्मियों की शीघ्र बहाली की मांग उठाई।

धरने के दौरान पंप ऑपरेटर सुरजीत डोबरियाल को 15 दिन अनुपस्थित दर्शाकर सेवा से हटाए जाने के विरोध में भी प्रदर्शन किया गया। डोबरियाल ने दिनभर धरना स्थल पर बैठे रहकर विरोध जताया। इस दौरान उनकी तबीयत भी बिगड़ी, बावजूद इसके वे देर शाम तक धरने पर डटे रहे।

बकाया भुगतान और पुनर्बहाली की मांग को लेकर आत्मदाह की चेतावनी के बीच पौड़ी, टिहरी, देवप्रयाग, कोटद्वार और रुद्रप्रयाग सहित विभिन्न डिवीजनों से संविदा कर्मचारी मुख्यालय पौड़ी पहुंचे। कर्मचारियों ने 38 आउटसोर्स कर्मियों व सुरजीत डोबरियाल की बहाली के साथ अधिशासी अभियंता को हटाने की मांग भी की।

धरने को उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने समर्थन दिया। यूकेडी के जिला अध्यक्ष अर्जुन नेगी ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

प्रदर्शन में उत्तराखंड संविदा श्रमिक संघ के प्रदेश अध्यक्ष (कुमाऊं मंडल) संजय कुमार, प्रदेश महामंत्री मंगलेश प्रसाद लाखेड़ा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। देर शाम तक धरना जारी रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह