home page

पांच एस पद्धति से कार्यक्षमता और गुणवत्ता में होगा सुधार, प्रशिक्षण

 | 
पांच एस पद्धति से कार्यक्षमता और गुणवत्ता में होगा सुधार, प्रशिक्षण


हरिद्वार, 25 नवंबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारियों के लिए आयोजित सात दिवसीय आवासीय अभिविन्यास प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन बुधवार को विभिन्न तकनीकी एवं शैक्षणिक सत्र आयोजित किए गए। दिन की शुरुआत योग सत्र से हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने योगाभ्यास के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का महत्व समझा।

इसके बाद प्रो. संगीता मदान ने दिनचर्या की जानकारी दी। साथ ही पहले दिन आयोजित सत्रों पर चिंतन कर प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए। प्रथम तकनीकी सत्र में जिला समन्वयक एनएसएस डॉ. एसपी सिंह ने व्याख्यान दिया। दूसरे सत्र में विश्वविद्यालय के आईक्यूएसी निदेशक प्रो. पंकज मदान ने श्वार्षिक इकाई कार्ययोजना एवं नियमित गतिविधियांश् विषय पर जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि सुनियोजित वार्षिक कार्ययोजना के माध्यम से ही एनएसएस इकाइयां सेवा, सहभागिता और सामाजिक उत्तरदायित्व के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से पूरा कर सकती हैं।उन्होंने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से किसी भी संस्था के मिशन स्टेटमेंट के तीन प्रमुख आधार उद्देश्य, कार्यक्षेत्र और मूल्यों की जानकारी दी। कहा कि संस्था को सबसे पहले अपनी स्थापना के उद्देश्य, संबंधित आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए किए जाने वाले कार्यों और उन कार्यों का मार्गदर्शन करने वाले सिद्धांतों को स्पष्ट करना चाहिए। एनएसएस इकाइयों को भी इन्हीं आधारों पर अपनी वार्षिक कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए।

प्रो. मदान ने निरंतर सुधार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जापानी तकनीकों का उल्लेख किया। उन्होंने 5एस जैसी पद्धतियों की जानकारी देते हुए कहा कि कार्यस्थल पर व्यवस्थित व्यवस्था, स्वच्छता और अनुशासन अपनाकर किसी भी इकाई की कार्यक्षमता और गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जा सकता है।

तीसरे सत्र में डॉ. एसपी सिंह ने सामुदायिक आवश्यकता आकलन एवं हितधारक मानचित्रण विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि समुदाय की वास्तविक जरूरतों की पहचान और संबंधित हितधारकों की सहभागिता से ही एनएसएस की गतिविधियों को प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में विभिन्न संस्थानों के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला