home page

ऑपरेशन कालनेमी : 09 बेहरुपिये बाबा पुलिस की हिरासत में

 | 
ऑपरेशन कालनेमी :  09 बेहरुपिये बाबा पुलिस की हिरासत में


हरिद्वार, 11 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर चलाए जा रहे ऑपरेशन कालनेमी के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना श्यामपुर पुलिस ने बाबा का भेष धारण कर लोगों को भ्रमित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ अभियान चलाया।

थानाध्यक्ष श्यामपुर नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नमामि गंगे घाट चण्डीघाट और चिडियापुर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ऐसे लोग पकड़े गए जो साधु-संतों का वेश बनाकर सार्वजनिक स्थानों पर आने-जाने वाले स्थानीय लोगों व पर्यटकों को रोककर तंत्र-मंत्र, जादू-टोना जैसी गतिविधियों के जरिए उन्हें प्रभावित करने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने चण्डीघाट नमामि गंगे घाट से 07, चिडियापुर क्षेत्र से 02 बहरूपिए बाबाओ को हिरासत में लिया।

सभी के विरुद्ध धारा 172(2) बी.एन.एस.एस. के तहत कार्रवाई करते वैधानिक कार्रवाई की। पकड़े गए आरोपितों के नाम पते रामचरण दास (चेला कैलाशानन्द), निवासी दक्षिण काली मंदिर, चण्डीघाट गंगासाहु पुत्र जमना साहु, मंगू सिंह पुत्र तुंगल सिंह, निवासीगण चण्डीघाट माजरा, खदेरु पुत्र रामरूप, निवासी दक्षिण काली मंदिर, चण्डीघाट, मोहन कुमार पुत्र सहदेव राम, निवासी दक्षिण काली मंदिर, चण्डीघाट, लालगिरी पुत्र विश्वनाथ, निवासी श्मशान घाट, चण्डीघाट, घनश्याम पुत्र देव सिंह, निवासी लक्कड़ बस्ती चौकी चौक, जुगणु (गुरु अमरनाथ), निवासी धनपुरा, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार व मुन्ना (चेला संजीव सिंह), निवासी चण्डीघाट छोला बस्ती बताए गए हैं।

हरिद्वार पुलिस ने आम जनता और यात्रियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के तंत्र-मंत्र या चमत्कार के नाम पर बहकावे में न आए और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला