home page

नेपाल से लापता 10 वर्षीय छात्र हरिद्वार में मिला, पुलिस ने सकुशल परिजनों को सौंपा

 | 
नेपाल से लापता 10 वर्षीय छात्र हरिद्वार में मिला, पुलिस ने सकुशल परिजनों को सौंपा


हरिद्वार, 16 अप्रैल (हि.स.)। हरिद्वार पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट टीम ने आपरेशन इस्माइल के अंतर्गत नेपाल से लापता कक्षा 6 के छात्र को सकुशल रेस्क्यू किया है। पुलिस नेपाल से आए परिजनों को बुधवार शाम सुपुर्द कर दिया। 29 मार्च से लापता अपने बेटे को पाकर पिता की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े।

एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट टीम के प्रमुख राकेश कुमार ने बताया कि 7 अप्रैल को लगभग 10 साल का एक बालक हरकीपैड़ी क्षेत्र में गुमसुम घूमता दिखा। टीम ने उसको सकुशल रेस्क्यू कर बाल संरक्षण गृह में दाखिल कराया। टीम ने बालक की नेपाली बोली को द्विभाषीये द्वारा बार बार काउंसलिंग करवा कर सूचना मल्टीमीडिया माध्यम से नेपाल सहित देश भर में प्रसारित की। छः दिन बाद नेपाल के थाने हेटोडा में बालक की गुमशुदगी दर्ज होना पाया गया। स्थानीय थाने की सहायता से बालक के परिजनों को सूचना दी गई।

बुधवार को ग्राम बसामाड़ी जिला मकवानपुर बागमती नेपाल के रहने वाले हरिशरण बतोला परिजनों के साथ हरिद्वार पहुंचे। हरिशरण ने बताया कि उनका पुत्र सोहन गांव के ही सरकारी विद्यालय में छठी कक्षा का छात्र है। बालक के अचानक गांव से लापता होने के कारण परिवार के सभी सदस्य काफी परेशान थे। काफी खोजबीन के बाद भी बालक की कोई जानकारी नहीं मिल सकी। उन्होंने स्थानीय पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई है।

नेपाल पुलिस के अनुरोध पत्र पर बालक के पिता हरिशरण को रेलवे स्टेशन हरिद्वार से एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट टीम ने रिसीव किया। विधिक कार्रवाई के उपरांत अध्यक्ष बाल कल्याण समिति हरिद्वार के आदेश पर बालक सोहन को उसके पिता हरिशरण के सपुर्द कर नेपाल के लिए हरिद्वार से नेपाल बस में रवाना किया गया।

अपने बिछड़े पुत्र से मिलकर हरिशरण की आंखों में आंसू व चेहरे पर मुस्कान और हृदय में हरिद्वार पुलिस के लिए सम्मान साफ झलक रहा था। बालक को सकुशल रेस्क्यू करने वाली टीम में मुख्य आरक्षी राकेश कुमार, मुख्य आरक्षी बीना गोदियाल , आरक्षी दीपक चंद व महिला आरक्षी शशिबाला शामिल रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला