home page

नया भारत आतंकवाद का जवाब घर में घुसकर देता है: धामी

 | 
नया भारत आतंकवाद का जवाब घर में घुसकर देता है: धामी


देहरादून, 11 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नया भारत अब आतंकवाद और दुश्मनों की हर नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने यह साबित किया है कि भारत अपनी सुरक्षा और संप्रभुता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा।

मुख्यमंत्री धामी सोमवार को यहां दून सैनिक इंस्टीट्यूट में ऑपरेशन सिंदूर-शौर्य, सम्मान और वीरता के एक वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के साहस, समर्पण और पराक्रम के कारण दुश्मन भारत की ओर आंख उठाने का साहस नहीं कर सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब पूरा देश सो रहा था, तब भारतीय सेनाओं ने मात्र 22 मिनट में पाकिस्तान में संचालित आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने कहा कि देश की अत्याधुनिक वायु सुरक्षा प्रणाली ने दुश्मन के हमलों को पूरी तरह विफल कर दिया और एक भी मिसाइल भारतीय जमीन पर नहीं गिरने दी। चार दिनों के भीतर भारतीय सेनाओं ने अपने पराक्रम से पाकिस्तान को युद्धविराम के लिए मजबूर कर दिया।

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए साहस, राष्ट्रभक्ति और आत्मनिर्भर भारत की प्रेरणा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सेना को आधुनिक तकनीक और स्वदेशी हथियारों से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का सेना और सैनिकों से विशेष भावनात्मक जुड़ाव है, क्योंकि राज्य के लगभग प्रत्येक परिवार से कोई न कोई सदस्य सेना में सेवाएं देता है। राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिजनों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम में गणेश जोशी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर राष्ट्र की संप्रभुता और मातृशक्ति के सम्मान की रक्षा का प्रतीक है तथा नया भारत अन्याय को सहन नहीं करता, बल्कि उसका करारा जवाब देता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय