home page

एसएमजेएन कॉलेज में खुलेगा उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र

 | 
एसएमजेएन कॉलेज में खुलेगा उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र


हरिद्वार, 26 फ़रवरी (हि.स.)।हरिद्वार के स्थानीय छात्रों और कामकाजी युवाओं के लिए उच्च शिक्षा की राह अब आसान होने जा रही है। शहर के एस.एम.जे.एन. पीजी कॉलेज में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र स्थापित होगा। इस दिशा में विश्वविद्यालय की टीम ने गुरुवार को कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया और कॉलेज की आधारभूत सुविधाओं और शैक्षणिक मानकों को केंद्र के लिए उपयुक्त पाते हुए अपनी सहमति व्यक्त की है।

प्रो. एम. एम. जोशी की अध्यक्षता में पहुँचे निरीक्षण दल ने महाविद्यालय परिसर के पुस्तकालय, आधुनिक प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर सुविधाओं और कक्षाओं का बारीकी से अवलोकन किया। आवश्यक दस्तावेजों के परीक्षण के बाद समिति ने प्रस्तावित केंद्र को शीघ्र स्वीकृति देने के संकेत दिए हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील बत्रा ने निरीक्षण के पश्चात कहा कि हरिद्वार के मध्य में इस केंद्र के खुलने से उन छात्रों को विशेष लाभ मिलेगा जो नियमित शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कामकाजी युवाओं और दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों के लिए भी केंद्र वरदान साबित होगा।

निरीक्षण समिति की सकारात्मक रिपोर्ट के आधार पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय और महाविद्यालय के बीच एमओयू की प्रक्रिया पूर्ण होते ही इसी शैक्षणिक सत्र से विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश शुरू कर दिए जाएंगे।

निरीक्षण दल में अध्यक्ष प्रो. एम. एम. जोशी के साथ बाह्य विशेषज्ञ प्रो. एच. सी. पुरोहित, सदस्य प्रो. अरविंद भट्ट, क्षेत्रीय निदेशक डॉ. गौतमबीर और सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. बृजेश बनकोटी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला