home page

कार सवार डॉक्टर पर हुई फायरिंग में एक गिरफ्तार, मास्टरमाइंड सत्संगी बाबा की तलाश जारी

 | 
कार सवार डॉक्टर पर हुई फायरिंग में एक गिरफ्तार, मास्टरमाइंड सत्संगी बाबा की तलाश जारी


हरिद्वार, 01 मई (हि.स.)। चार दिन पूर्व बहादराबाद क्षेत्र में डॉक्टर सुमित कुमार की कार पर हुई फायरिंग का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है जबकि घटना का मास्टरमाइंड बताये जा रहे सत्संगी बाबा की तलाश जारी है।

इस बाबा ने अपने चेले के साथ मिलकर डॉक्टर की हत्या की साजिश रची थी। एसएसपी नवनीत सिंह के अनुसार 27 अप्रैल को दाबकी कलां निवासी डॉ. सुमित कुमार ने तहरीर देकर बताया था कि वह बहादराबाद स्थित हंस फाउंडेशन अस्पताल से अपने साले और अन्य साथियों के साथ कार से लौट रहे थे। इसी दौरान बाडीटीप के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनकी कार पर फायरिंग की थी ।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर फील्ड यूनिट के साथ मौके से साक्ष्य जुटाए और सीसीटीवी कैमरों व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू की और एक आरोपित शुभम सैनी (22 वर्ष), निवासी भिक्कमपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अवैध असलाह बरामद किया गया। पूछताछ में शुभम सैनी ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से एक कथित सत्संगी बाबा के संपर्क में था। कुछ समय पहले बाबा ने उससे डॉ. सुमित कुमार को मारने की इच्छा जताई। इसके बाद 14 अप्रैल को दोनों ने मिलकर डॉक्टर की गाड़ी पर फायर किए और फरार हो गए।

27 अप्रैल को फिर से डॉक्टर की कार का पीछा कर बाडीटीप क्षेत्र में चार राउंड फायरिंग की गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है, वहीं, फरार चल रहे सत्संगी बाबा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला