लंढौरा में गोकशी की सूचना पर पुलिस की दबिश, एक आरोपित गिरफ्तार
हरिद्वार, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के लंढौरा में गोकशी की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से गोमांस और गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, मंगलौर कोतवाली को कस्बा लंढौरा क्षेत्र में गोकशी किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर उपनिरीक्षक नवीन चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने दबिश देकर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, उसके कब्जे से 200 किलोग्राम गोमांस और गोकशी करने के उपकरण बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान सईद पुत्र अकबर निवासी ग्राम मातावाला हसनबाल, लंढौरा के रूप में हुई है। मामले में मंगलौर कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई कर उसका चालान कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

