गोमांस के साथ एक आरोपित गिरफ्तार, दो अन्य नामजद
हरिद्वार, 25 नवंबर (हि.स.)। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान 12 किलो कथित गोमांस के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ भारापुर के जंगलों में गोवंश काटकर मांस प्राप्त करने की बात कबूल की। पुलिस ने दोनों अन्य आरोपितों को भी मुकदमे में नामजद करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शांतरशाह चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अजय कुमार पुलिस टीम के साथ ग्राम सहदेवपुर-हलवाहेड़ी जाने वाले तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान घोड़ेवाला की ओर से एक बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह बाइक मोड़कर भागने लगा, लेकिन कुछ दूरी पर बाइक बंद हो गई। पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम मुबारिक पुत्र जाहिद निवासी मुस्तफाबाद, बहादराबाद बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद कट्टे से दो सफेद प्लास्टिक की थैलियों में करीब 12 किलो मांस बरामद हुआ। प्रथम दृष्टया मांस गोमांस प्रतीत होने पर पुलिस ने पूछताछ की तो आरोपित ने बताया कि उसने अपने साथी इमरान पुत्र गरीबुल और छोटन पुत्र सब्बीर, दोनों निवासी भारापुर के साथ भारापुर के जंगलों में गाय काटकर मांस प्राप्त किया था। वह इसे बेचने के लिए ले जा रहा था।
पुलिस ने बरामद मांस का नमूना लेकर शेष मांस को पशु चिकित्साधिकारी की देखरेख में सुरक्षित स्थान पर नष्ट करा दिया। पुलिस ने मुबारिक और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम, 2007 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ पुलिस ने कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है। जबकि नामजद इमरान और छोटन की तलाश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

